कोटा-मोहबा बाजार शराब दुकान हटाने की मांग तेज: मंत्री लखन लाल देवांगन को सौंपा 1145 हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन
नवा रायपुर: राजधानी रायपुर के कोटा-मोहबा बाजार क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग अब प्रदेश के आबकारी मंत्री के द्वार तक पहुँच गई है। लंबे समय से चल रहे जनाक्रोश के बीच, आज प्रभावित कॉलोनियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन से उनके नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मुलाकात की।
हजारों लोगों का समर्थन, 44 पन्नों का शिकायती पत्र
क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी मांग को पुरजोर तरीके से रखने के लिए 44 पन्नों का एक विस्तृत आवेदन सौंपा है। इस आवेदन में मारुति विहार कॉलोनी, श्रीजी टॉवर, मारुति हाईट, महंत तालाब कृष्णा नगर और ज्योति नगर के 1145 निवासियों के नाम, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी को अवगत कराया कि:
-
शराब दुकान खुलने से पूर्व 11 अप्रैल 2025 को ही स्थानीय विधायक और कलेक्टर को आपत्ति दर्ज कराई गई थी।
-
भारी जन विरोध के बावजूद दुकान का संचालन शुरू कर दिया गया, जिससे क्षेत्र का माहौल दूषित हो रहा है।
-
20 सितंबर 2025 को 500 से अधिक लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था, जिसके बाद तहसीलदार ने स्थानांतरण का आश्वासन दिया था।
आश्वासन के 6 माह बाद भी कार्रवाई शून्य
प्रतिनिधिमंडल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन को 6 महीने बीत चुके हैं, लेकिन शराब दुकान को अब तक वहां से नहीं हटाया गया है। इस देरी के कारण स्थानीय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन के साथ अब तक हुए आंदोलनों और समाचार पत्रों की कतरनें भी संलग्न की गई हैं ताकि शासन को मामले की गंभीरता का आभास हो सके।
मंत्री ने दिया उचित कार्यवाही का भरोसा
आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर उचित और त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
"हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं। आबादी क्षेत्र में शराब दुकान से सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है। यदि जल्द ही स्थानांतरण नहीं हुआ, तो जनता पुनः सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।" — प्रतिनिधिमंडल, कोटा-मोहबा बाजार क्षेत्र
कंचन यादव
सह संपादक