दिव्यरूपेण गरबा, कन्या पूजन एवं कन्या भोज का प्रत्युषा फाउंडेशन ने किया भव्य आयोजन
रायपुर (छत्तीसगढ़): प्रत्युषा फाउंडेशन द्वारा मूक-बधिर शाला 'कोपलवाणी' (सिमरिया) में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 'दिव्यरूपेण गरबा', कन्या पूजन एवं कन्या भोज का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया।
संस्था की संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा ने बताया कि प्रत्युषा फाउंडेशन लगातार चौथे वर्ष दिव्यांग बच्चों के लिए यह विशेष आयोजन कर रही है। आयोजन से पूर्व बच्चों को तीन दिनों का विशेष गरबा प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं नव कन्याओं व लंगूर रूपी बच्चों के वैदिक पूजन से हुआ। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं को उपहार स्वरूप डांडिया भेंट किया गया और कन्या भोज कराया गया।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अतिथियों के सम्मान में मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। अतिथियों को शाल-श्रीफल और मूक-बधिर बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गईं। भोजन के उपरांत अतिथियों, संस्था के सदस्यों, शिक्षिकाओं और दिव्यांग बच्चों ने एक साथ गरबा कर भक्ति, उल्लास और समानता का अद्भुत संदेश दिया।
संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उनमें आत्मविश्वास व आत्मसम्मान की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि सामान्य नागरिकों और समाजशास्त्रियों को भी इन बच्चों से संवाद के लिए सांकेतिक भाषा (Sign Language) सीखनी चाहिए।
गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग: कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन अल्पसंख्यक आयोग के अमरजीत सिंह छाबड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. नीतू सिंह, विजय मनवानी, पदमा शर्मा एवं खुशबू शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने प्रत्युषा फाउंडेशन की इस अनूठी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्ष सुमन पांडे और संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक उपाध्यक्ष अर्चना वोरा, उपाध्यक्ष विद्या भट्ट, सचिव लक्ष्मी जिल्हारे, सचिव रितु प्रजापति, सोनिया सिंह एवं कमल प्रजापति का विशेष योगदान रहा।
संपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज