बोड़ला में 60 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, कॉलेज में स्मार्ट बोर्ड और एआई तकनीक की सुविधा देने की पहल
कबीरधाम :- कबीरधाम जिले के बोड़ला में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और उच्च शिक्षा के लिए अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 60 लाख रुपये के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने 40 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। इन कार्यों से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के साथ-साथ महाविद्यालयीन शिक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत एसडीएम कार्यालय बोड़ला में 30 लाख रुपये की लागत से सभा कक्ष सह सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। वहीं, शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष बनाया जाएगा।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने 40 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा भी की। इसमें महाविद्यालय में 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल, 4 लाख 60 हजार रुपये से बालिका शौचालय, ग्राम भीरा में 10 लाख रुपये से मंगल भवन और 10 लाख 40 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है।
कॉलेज में मिलेगी स्मार्ट बोर्ड और एआई की सुविधा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट सुविधा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित तकनीक उपलब्ध कराने की पहल की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, डिजिटल तकनीक और नवाचार के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, अपनी क्षमताओं का विकास करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में करना चाहिए। तकनीक का उपयोग इस तरह होना चाहिए कि विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, न कि तकनीक उनकी स्वामी बन जाए।
विजय शर्मा ने कहा कि ChatGPT, Gemini, Grok और Perplexity जैसे एआई टूल्स का उपयोग पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों को बेहतर बनाने में किया जा सकता है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपने संस्कारों और मूल्यों को बनाए रखना भी जरूरी है।
85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें से 50 स्थानों पर स्मार्ट बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्थानों पर भी स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे। छात्रावासों और महाविद्यालयों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विज्ञान, गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की जटिल अवधारणाओं को वीडियो और डिजिटल सामग्री के जरिए सरलता से समझाया जा सकेगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की पहल
विद्यार्थियों की काउंसलिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत एनडीए, सीजीपीएससी, यूपीएससी, कर्मचारी चयन आयोग और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य के अनुरूप मार्गदर्शन मिल सके।
विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से नई तकनीक सीखने और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नवाचार, सकारात्मक सोच, निरंतर प्रयास और अभ्यास के माध्यम से सफलता हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, बरसाती लाल वर्मा, छोटूराम चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य ललिता रूपसिंग धुर्वे, कांशीराम उईके, सरपंच रेशमा बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।