बसना के मंगल भवन में भाजपा महिला मोर्चा का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न,राष्ट्रीय पदाधिकारी सुमित्रा दहिया एवं विधायक डॉ संपत अग्रवाल हुए शामिल

बसना : बसना के स्थानीय मंगल भवन में विधायक डॉ संपत अग्रवाल एवं भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा एक विशाल जिला स्तरीय महिला मोर्चा सम्मेलन एवं विशेष प्रतियोगिता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह सम्मेलन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत् पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ अत्यंत गरिमामय माहौल में हुआ।

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारी सुमित्रा दहिया, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित विशाल मातृशक्ति और जुझारू कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि आज मातृशक्ति के इस अभूतपूर्व उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता को देखकर यह विश्वास और अधिक मजबूत हो गया है कि 'विकसित भारत' के निर्माण में हमारी बहनों की भूमिका सबसे निर्णायक होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में नारी शक्ति को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक व अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रहित के फैसलों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महिला मोर्चा द्वारा 5 जून से 21 जून तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत “गैस, तेल एवं खाद्य संसाधनों के संरक्षण” को लेकर जन-जागरूकता फैलाई जाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से उपस्थित महिला मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारी सुमित्रा दहिया ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश की राजनीति और विकास नीति के केंद्र बिंदु में 'नारी शक्ति' को लाकर खड़ा कर दिया है। चाहे वह उज्ज्वला योजना हो, 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' अभियान हो या फिर संसद में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पारित करना हो ,मोदी सरकार ने यह साबित किया है कि जब महिलाएँ सशक्त होंगी, तभी देश सशक्त होगा। हमें इस '12 साल बेमिसाल' जनसंपर्क अभियान को बूथ स्तर पर हर एक घर तक पहुँचाना है और केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित महिलाओं को जोड़ना है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि सम्मेलन के दौरान मोदी सरकार के '12 साल बेमिसाल' अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। इसके अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से “बिना तेल, बिना गैस के पोषण आहार कैसे बनाएं” विषय पर विशेष कार्यशालाएँ आयोजित की जाएंगी। साथ ही, मंडल स्तर पर भाषण, रंगोली व पेंटिंग प्रतियोगिताएं और बूथ स्तर पर 'मातृशक्ति जनजागरण अभियान' चलाया जाएगा, तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधानसभा स्तर पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन कर केंद्र की महिला हितैषी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
इस विशाल महाधिवेशन में भाजपा जिला अध्यक्ष एतराम साहू, जिला महामंत्री शीतल नायक, प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पलता चौहान, जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल,सोनिया अग्रवाल,जिला महामंत्री भाजपा जितेंद्र त्रिपाठी,वरिष्ठ भाजपा नेता एन के अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल,जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा स्मिता चंद्राकर, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद ऊषा पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल,नगर पंचायत अध्यक्ष बसना खुशबू अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसना डिलेश्वर निराला, मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव,सत्यलता गिरी,कार्यालय महामंत्री मिली बनर्जी,सह कार्यालय मंत्री प्रतिज्ञा गुप्ता, सह कार्यालय मंत्री तिलेश्वरी धुरंधर, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी किरण सिंह,अध्यक्ष जनपद पंचायत बसना ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे,शुभ्रा शर्मा, तारेश्वरी नायक,जिला पंचायत सदस्य सीमा नायक, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा अमन वर्मा,जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा,आकाश सिन्हा,अध्यक्ष महिला मोर्चा मंडल बसना दीपा अरुण साहू सहित महिला मोर्चा की जिला व ब्लॉक पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेतागण एवं क्षेत्र के हजारों स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक, प्रेम प्रकाश साहू
नारद एक्सप्रेस न्यूज