दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की खुदकुशी, पति, सास-ससुर और जेठानी गिरफ्तार
बालोद। थाना गुरूर क्षेत्र के गुलमोहर कॉलोनी में रहने वाली 28 वर्षीय नवविवाहिता मीनाक्षी भतरिया की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दहेज और रंग-रूप को लेकर प्रताड़ित करने वाले मृतिका के पति, सास, ससुर और जेठानी (डेढ़सास) को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। 24 फरवरी 2026 को मीनाक्षी ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी थी, जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर और गुरूर एसडीओपी श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुकेश सिंह व साइबर सेल की टीम ने इस मामले की बारीक जांच की। परिजनों के बयानों और कॉल डिटेल्स से खुलासा हुआ कि शादी के बाद से ही पति प्रवीण कुमार भतरिया, ससुर पग्गू लाल भतरिया, सास गीता भतरिया और जेठानी करुणा चतुर्वेदानी मृतिका को कम दहेज लाने और रंग-रूप को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
इस प्रताड़ना से तंग आकर ही मीनाक्षी ने आत्मघाती कदम उठाया था। मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें दुर्ग जिले के ग्राम पथर्रा से हिरासत में लिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माया शर्मा, निरीक्षक मुकेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कुलेश्वर यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक वीणा मरावी और आरक्षक पीतांबर निषाद, विवेक सिन्हा व कोमल साहू की मुख्य भूमिका रही।