डोंगरगांव पुलिस की बड़ी सफलता:04 लाख की चोरी का खुलासा,शत-प्रतिशत आभूषण बरामद

डोंगरगांव पुलिस की बड़ी सफलता:04 लाख की चोरी का खुलासा,शत-प्रतिशत आभूषण बरामद

डोंगरगांव, राजनांदगांव। डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सुने मकान को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन पुरुष और एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 100% सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है।

क्या था मामला?

दिनांक 03 जनवरी 2026 को राजीव नगर निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर से सोने के कंगन, मंगलसूत्र और ईयरिंग चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 61/2026, धारा 305(A), 331(1), 317, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस की रणनीतिक कार्यवाही

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने:

घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

आसपास के CCTV फुटेज खंगाले।

पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर मुखबिरों के जरिए नजर रखी।

संदेह के आधार पर पुलिस ने नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी और राहुल कुमार मालेकर को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आभूषण खपाने की थी तैयारी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी के आभूषणों को चिखली निवासी तुलिका रायकर और आशीष रायकर को बेचने के लिए दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्रियां बरामद कीं:

100% आभूषण: 02 सोने के कंगन, 01 मंगलसूत्र और सोने की ईयरिंग।

नगदी व वाहन: आरोपी नमीत से 10,000/- रुपये नगद और राहुल से चोरी की रकम से खरीदी गई एक्टिवा (CG 28 M 7613) व घर की चाबी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी:

नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी (25 वर्ष): निवासी किल्लापारा, डोंगरगांव।

राहुल कुमार मालेकर (29 वर्ष): निवासी वार्ड नं. 01, डोंगरगांव।

तुलिका रायकर (32 वर्ष): निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव।

आशीष रायकर (35 वर्ष): निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव।

पुलिस की अपील: घर से बाहर जाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें।

मयंक श्रीवास्तव 

मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज