रायगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार, करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ साइबर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन धोखाधड़ी गिरोह को बेनकाब करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने महिला NGO कार्यकर्ता को झांसे में लेकर उसके खाते से ₹2.17 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग के तार देश के कई राज्यों से जुड़े हुए हैं।
ठगी का तरीका: CSR फंड के नाम पर बुना जाल
मामले का खुलासा तब हुआ जब इंदिरानगर की रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता आयशा परवीन ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपियों ने महिला को उसकी संस्था के लिए CSR (Corporate Social Responsibility) फंड दिलाने का लालच दिया। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने एक्सिस बैंक में संस्था का कॉर्पोरेट खाता खुलवाया और महिला व उसके पति को गुवाहाटी के एक होटल में ठहराया। वहां उनके मोबाइल में संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल कर बैंक खाते का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
देशभर में 44 शिकायतों से जुड़े हैं तार
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि महिला के खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को घुमाने (Layering) के लिए किया जा रहा था।
लेनदेन: महिला के खाते से करीब ₹2.17 करोड़ का ट्रांजेक्शन हुआ।
शिकायतें: पोर्टल की जांच में इस खाते के विरुद्ध देशभर से 44 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज मिलीं।
कमीशन का खेल: आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से बड़े साइबर गैंग को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और बदले में ठगी की राशि का 5 से 15 प्रतिशत कमीशन लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर निम्नलिखित आरोपियों को दबोचा है:
मितेश सोनी (31 वर्ष): निवासी भिलाई, जिला दुर्ग (मुख्य कड़ी)।
विजय चंद्रा (35 वर्ष): निवासी डभरा, जिला सक्ती।
अजय साहू (35 वर्ष): निवासी ढिमरापुर, रायगढ़।
अभय यादव (23 वर्ष): निवासी चक्रधरनगर, रायगढ़ (पूर्व बैंक कर्मी)।
सचिन चौहान (24 वर्ष): निवासी कलमीडिपा, रायगढ़।
जब्त सामग्री: 06 नग मोबाइल और 01 लैपटॉप।
एसएसपी का कड़ा संदेश
"जिले में साइबर थाना खुलने से जांच की गति तेज हुई है। आरोपी 25-30 अन्य बैंक खातों का भी दुरुपयोग कर चुके हैं। नागरिक किसी भी अनजान लिंक या ऐप (APK) को डाउनलोड न करें और न ही कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी को इस्तेमाल करने दें।" — श्री शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस ऑपरेशन में एएसपी अनिल सोनी, एएसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज