गोलबाजार पुलिस की बड़ी सफलता: ग्राहक बनकर गल्ले से 53 हजार उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, बिहार से जुड़े तार
रायपुर। राजधानी के सबसे व्यस्ततम व्यापारिक केंद्र गोलबाजार इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात को सुलझाने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। सामान खरीदने के बहाने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर गल्ले से हाथ साफ करने वाले बिहार के एक शातिर चोर को पुलिस ने धर दबोचा है।
वारदात का तरीका: बातों में उलझाया, फिर किया हाथ साफ
घटना 13 अप्रैल की है, जब फूल चौक स्थित नरेन्द्र केशवानी की पूजा सामग्री की दुकान में आरोपी सोनू कुमार ग्राहक बनकर दाखिल हुआ। शातिर चोर ने दुकानदार को अलग-अलग सामान दिखाने के बहाने बुरी तरह व्यस्त कर दिया। जैसे ही दुकानदार का ध्यान भटका, आरोपी ने पलक झपकते ही गल्ले में रखे 53,000 रुपये पार कर दिए और रफूचक्कर हो गया।
CCTV फुटेज से खुला राज
शिकायत मिलते ही गोलबाजार पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिससे आरोपी का सुराग मिला। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सोनू कुमार (30 वर्ष), निवासी जिला सारण (बिहार) को रायपुर से ही गिरफ्तार कर लिया।
जब्ती और टीम की सफलता
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से 38,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। शेष राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस सफल कार्यवाही में निम्नलिखित टीम की अहम भूमिका रही:
-
निरीक्षक: स्वराज त्रिपाठी (थाना प्रभारी, गोलबाजार)
-
उपनिरीक्षक: पुणे सिंह जुर्री
-
प्रधान आरक्षक: संदीप सिंह
-
आरक्षक: संदीप तिवारी एवं दीपक ध्रुव
पुलिस की अपील: व्यापारिक प्रतिष्ठानों में गल्ले के पास विशेष सावधानी बरतें और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक: नारद एक्सप्रेस न्यूज