कड़ी कार्रवाई: बिलासपुर में वन भूमि से अवैध अतिक्रमण ध्वस्त, वन मंत्री के निर्देश पर विभाग सख्त

कड़ी कार्रवाई: बिलासपुर में वन भूमि से अवैध अतिक्रमण ध्वस्त, वन मंत्री के निर्देश पर विभाग सख्त

बिलासपुर/कोटा: छत्तीसगढ़ के वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार प्रदेश के वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और उत्खनन के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने बिलासपुर के कोटा परियोजना मंडल के अंतर्गत आने वाले भैंसाझार परिक्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया है।

नोटिस के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण, विभाग ने चलाया जेसीबी

मामला रतनपुर सर्किल के जूनाशहर बीट (कक्ष क्रमांक PF/1621) का है, जहाँ रतनपुर निवासी संतोष सोनी द्वारा वन भूमि पर टीन और लोहे का अवैध शेड बनाकर कब्जा किया गया था। उपमंडल प्रबंधक कोटा द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो विभाग की टीम ने 12 अप्रैल 2026 को जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

जब्त की गई सामग्री और कानूनी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:

  • 500 नग फ्लाई ऐश ब्रिक्स (ईंटें)

  • 15 एंगल पाइप

  • 06 टीन शीट

संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(ग) और लोक संपत्ति अधिनियम 1989 की धारा 3 के तहत प्रकरण दर्ज कर सामग्री को प्रोजेक्ट डिपो कोटा भेज दिया गया है।

वन अमले की सतर्कता की सराहना

यह सफल अभियान क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर और मंडल प्रबंधक कोटा के निर्देशन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रबंध संचालक श्री प्रेम कुमार ने टीम की मुस्तैदी की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में अधिकारियों के गोपनीय प्रतिवेदन (CR) में वन सुरक्षा और संवर्धन में उनके योगदान को विशेष महत्व दिया जाएगा।

"राज्य के वन क्षेत्रों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित गश्त और ऐसी सख्त कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।"वन विभाग प्रशासन

कंचन यादव 

सह संपादक /नारद एक्स्प्रेस न्यूज