धमतरी में देह व्यापार का भंडाफोड़: टिकरापारा के किराए के मकान में चल रहा था अनैतिक धंधा, 3 गिरफ्तार
धमतरी: जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। शनिवार को धमतरी पुलिस ने शहर के टिकरापारा वार्ड में संचालित हो रहे एक देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्यवाही अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पिटा एक्ट) के तहत की गई है।
मुखबिर की सूचना पर रेड
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शासकीय जिला अस्पताल के पीछे पंकज गौतम के मकान को किराए पर लेकर अनैतिक देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने 'पॉइंटर' (फर्जी ग्राहक) और गवाहों के साथ घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।
आपत्तिजनक सामग्री के साथ पकड़े गए आरोपी
छापेमारी के दौरान मकान के अंदर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को हिरासत में लिया:
सुशील गिलहरे (38 वर्ष) – मुख्य सरगना, साल्हेवार पारा
खुमान साहू (40 वर्ष) – कर्मा चौक
लोचन देवांगन (32 वर्ष) – रामपुर वार्ड
बरामदगी: आरोपियों के पास से 14,827 रुपये नगद, मोबाइल फोन, आपत्तिजनक दवाइयां (Manforce, Zagore-100), कंडोम और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं।
मजबूरी का फायदा उठाकर कराते थे व्यापार
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सुशील गिलहरे ने किराए का मकान ले रखा था। वह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को पैसों का लालच देकर और उन पर दबाव बनाकर देह व्यापार के दलदल में धकेलता था।
धमतरी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि
"धमतरी पुलिस सामाजिक बुराइयों और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इस तरह के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"
कानूनी कार्यवाही
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर,नारद एक्सप्रेस न्यूज