बिलासपुर: चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 'होटल शिवा इन' की छत पर चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा ...

बिलासपुर: चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 'होटल शिवा इन' की छत पर चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा ...

बिलासपुर। जिले में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'प्रहार' अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बोदरी स्थित 'होटल शिवा इन' की छत पर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर दबिश देकर भारी मात्रा में नशीली सामग्री जब्त की है और संचालक को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार, थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से ग्राहकों को हुक्का और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद परोसे जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की।

जब्त की गई सामग्री और आरोपी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से होटल संचालक सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं:

हुक्का उपकरण: 12 नग हुक्का पॉट, 12 नग स्टैंड, 12 नग चिलम, 12 नग पाइप।

अन्य सामग्री: 06 पैकेट कोको जेल कोयला, 01 नग कोल हीटर, 03 प्लास्टिक डिब्बों में विभिन्न फ्लेवर के तंबाकू युक्त सिगरेट।

नगदी: 5000 रुपये।

कुल मशरुका: जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 55,000 रुपये आंकी गई है।

कानूनी कार्रवाई

आरोपी के विरुद्ध सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशा परोसने वाले संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर, नारद एक्सप्रेस न्यूज