रायपुर में बटनदार चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के पुराने मामले में भी था फरार
रायपुर :- न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पुरैना तालाब के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू बरामद किया गया, जिसके एक तरफ धारदार नुकीला हिस्सा और दूसरी तरफ कटरनुमा हिस्सा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपेंद्र कुमार ध्रुव (31 वर्ष), पिता जवाहर ध्रुव, निवासी अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से बरामद चाकू को विधिवत जब्त करते हुए उसके खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
**हत्या के प्रयास के पुराने मामले में भी था फरार**
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में तेलीबांधा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इस प्रकरण में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते न्यायालय ने उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया था। पुलिस अब इस पुराने मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में की गई। रायपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज