प्रभावी पुलिसिंग और जन-समस्या निवारण प्राथमिकता: एसपी ओम प्रकाश शर्मा ने ली जिले के अधिकारियों की पहली बैठक
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने आज पुलिस कार्यालय सभाकक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा 'विजिबल पुलिसिंग' को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।
मैदानी सक्रियता पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक थाना और चौकी प्रभारी प्रतिदिन अनिवार्य रूप से फील्ड पर निकलें। विशेषकर शाम के समय अधिकारी स्वयं इलाकों का भ्रमण करें ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो और असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ बना रहे।
बैठक के मुख्य दिशा-निर्देश:
अवैध गतिविधियों पर प्रहार: क्षेत्र में जुआ, सट्टा या अन्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर बिना किसी देरी के तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
ओवरलोडिंग पर लगाम: रेत परिवहन करने वाले और क्षमता से अधिक माल ढोने वाले भारी वाहनों (हाईवा) के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घटनास्थल की सुरक्षा: किसी भी अपराध या दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचे। साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल को सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
कानून व्यवस्था: धरना प्रदर्शन या सड़क हादसों के दौरान पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कदम उठाए ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
सुशासन तिहार और जनसेवा
एसपी ने "सुशासन तिहार" के अंतर्गत आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों और शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल किया जाए।
अंत में, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस की छवि को और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक, नारद एक्सप्रेस न्यूज