पत्नी की संदिग्ध मौत: दफनाने के बाद कब्र से निकाला गया शव, मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

पत्नी की संदिग्ध मौत: दफनाने के बाद कब्र से निकाला गया शव, मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

गरियाबंद / महासमुंद: कोपरा क्षेत्र के ग्राम तर्रा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए न्यायालय के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकलवाया है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

विवाद के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तर्रा निवासी मनोज नवरंगे अपनी पत्नी बबीता के साथ महासमुंद जिले के ग्राम परसदा में किराए के मकान में रहता था। बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मनोज ने बबीता की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति और उसके परिजनों ने मायके वालों को बबीता की आकस्मिक (सामान्य) मौत होने की सूचना दी।

इसके बाद महिला के शव को उसके पैतृक गांव तर्रा लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया और शव को दफना दिया गया। उस समय मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका था।

अंतिम संस्कार के दौरान दिखा खून, गहराया संदेह

बबीता की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग महासमुंद के मचेवा से ग्राम तर्रा पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के दौरान जब मायके पक्ष की महिलाओं की नजर मृतका के चेहरे पर पड़ी, तो उन्होंने उसके मुंह पर खून के निशान देखे। इसके अलावा शरीर की असामान्य स्थिति देखकर परिजनों को हत्या का संदेह हुआ।

अंतिम संस्कार के बाद मचेवा लौटकर परिजनों ने आपस में चर्चा की और अगले दिन शाम को महासमुंद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में पति पर हत्या का अंदेशा जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पांडुका पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। चूंकि शव को दफनाया जा चुका था, इसलिए पुलिस ने न्यायालय में आवेदन देकर कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को बाहर निकालने की अनुमति मांगी।

न्यायालय से हरी झंडी मिलने के बाद रविवार को नायब तहसीलदार एवं मजिस्ट्रेट तारेंद्र ठाकुर, स्पेशल टीम तथा पांडुका थाना प्रभारी चिंताराम देशमुख की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शव को देर शाम निकाला गया, जिसके कारण रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। थाना प्रभारी चिंताराम देशमुख ने बताया कि सोमवार को गरियाबंद में डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फोरेंसिक जांच के लिए सैंपल भेजे जाएंगे।

पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट महासमुंद थाने को भेजी जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

संपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज