नवा रायपुर सड़क दुर्घटना : डिवाइडर से टकराई बाइक,समय पर इलाज न मिलने से बैंक कर्मी की मौत
नवा रायपुर। राजधानी के नवा रायपुर क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बीती रात सीबीडी स्टेशन के सामने हुए एक सड़क हादसे में नागपुर निवासी युवक अक्षय धकाते की दर्दनाक मौत हो गई। अक्षय नवा रायपुर के सेक्टर-30 में रहकर यूनियन बैंक में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
हादसे का घटनाक्रम-
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 11 मार्च की रात करीब 12 बजे की है। अक्षय अपनी बाइक से घर की ओर लौट रहे थे, तभी सीबीडी स्टेशन के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मदद के लिए तड़पता रहा घायल, 40 मिनट बाद पहुंची पुलिस
घटना के वक्त वहां से गुजर रहे एक फोटोग्राफर और उनकी टीम ने लगातार बज रहे हॉर्न की आवाज सुनकर गाड़ी रोकी। उन्होंने देखा कि अक्षय लहूलुहान हालत में डिवाइडर के बीच फंसे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार:
-
घायल अक्षय ने होश में रहते हुए अपना नाम बताया और परिजनों का नंबर दिया।
-
राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया।
-
आरोप है कि सूचना के लगभग 40 मिनट बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने जताई नाराजगी
पुलिस ने घायल को राखी स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अक्षय के परिजनों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर पहुंच जाती या उसे किसी निजी बड़े अस्पताल में ले जाया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस की कार्रवाई
मंदिर हसौद टीआई आशीष यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम रवाना की गई थी। फिलहाल मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
कंचन यादव
सहसंपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज