सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद
रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, मठपुरैना निवासी प्रार्थी प्रेम सोनी ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1-2 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी रकम चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही असवंत निषाद (26 वर्ष), निवासी संतोषी नगर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई नकदी रकम जब्त कर ली है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी असवंत निषाद वर्ष 2024 में भी चोरी के मामले में टिकरापारा थाने से जेल जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यसंपादक/मयंक श्रीवास्तव