सुरक्षा का 'कवच' लेकर उतरी खरसिया पुलिस: रामनवमी पर एसएसपी के संकल्प ने पेश की मिसाल ...

सुरक्षा का 'कवच' लेकर उतरी खरसिया पुलिस: रामनवमी पर एसएसपी के संकल्प ने पेश की मिसाल ...

रायगढ़  : सड़क सुरक्षा अब केवल सरकारी नियमों की फाइल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पुलिस के लिए 'जीवन रक्षा' का एक महा-संकल्प बन चुकी है। रामनवमी के पावन अवसर पर खरसिया पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के दूरगामी विजन को धरातल पर उतारते हुए एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। पुलिस ने केवल चालान का डर नहीं दिखाया, बल्कि ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट सफर कर रहे 200 वाहन चालकों को सुरक्षा कवच के रूप में हेलमेट भेंट कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस विशेष अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के कुशल मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल की सक्रिय पहल पर अमलीजामा पहनाया गया। कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने दोपहिया वाहन चालकों को नसीहत देते हुए स्पष्ट किया कि हेलमेट का अभाव किसी भी सफर को आखिरी सफर बना सकता है। उन्होंने गति सीमा के पालन और नशे से दूर रहने की अपील करते हुए यातायात नियमों को संस्कार की तरह अपनाने पर जोर दिया। इस पुनीत कार्य में वेदांता कोल वाशरी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) निभाते हुए विशेष सहभागिता दर्ज कराई, जिसमें संस्था के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल (एलआर), अमन अग्रवाल (तोता), प्रकाश गोयल और आर.आर. साहू ने सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराकर इस सुरक्षा अभियान को मजबूती प्रदान की।

*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का विशेष संदेश:*

"सड़क सुरक्षा महज एक कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार की खुशहाली और जीवन रक्षा का अटूट संकल्प है। मेरी जिले के नागरिकों से अपील है कि हेलमेट पहनने को बोझ न समझें, इसे अपनी जीवनशैली और आदत का हिस्सा बनाएं ताकि आप सुरक्षित घर लौट सकें।"

*नारद न्यूज एक्सप्रेस की जनता से विशेष अपील:*

"हम अपने सभी पाठकों और क्षेत्र की जनता से करबद्ध निवेदन करते हैं कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। अपनी और अपने परिवार की खुशहाली के लिए दुपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और एक जागरूक नागरिक का परिचय दें।"

मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर नारद एक्सप्रेस न्यूज