नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, ठगी के पैसों से खरीदी कार जब्त

नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, ठगी के पैसों से खरीदी कार जब्त

कोरिया जिले के थाना पटना अंतर्गत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर और आत्मानंद स्कूल में शिक्षक पद पर नियुक्ति का झांसा देकर कई महिलाओं से साढ़े छह लाख रुपये से अधिक की राशि हड़प ली थी।


ठगी का पूरा मामला
ग्राम तेंदुआ निवासी प्रार्थिया आरती पटेल ने थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी संदीप सिंह सारथी (निवासी टेंगनी) ने दिसंबर 2024 में उसे महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर बनवाने का झांसा दिया था। इसके बदले आरोपी ने किश्तों में लगभग ₹3,08,750/- की ठगी की।
इतना ही नहीं, जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने स्तुति पटेल और प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक लगवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति ₹1,80,000/- की धोखाधड़ी की। इस प्रकार आरोपी ने कुल मिलाकर ₹6,68,750/- की राशि छल-कपट से हड़प ली थी।


पुलिस की कार्रवाई और जप्ती
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 318(4) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ठगी की राशि का उपयोग आरोपी ने अपनी कार (क्रमांक CG 15 K 0226) की किश्तें भरने और विलासिता के लिए किया था। पुलिस ने उक्त वाहन को विधिवत जप्त कर लिया है।


न्यायिक अभिरक्षा में आरोपी
पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुर्रे के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप सिंह सारथी को 27 मार्च को गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया है।

मयंक श्रीवास्तव 
मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज