रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 141 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ कोचिया गिरफ्तार, भेजा गया जेल ...
रतनपुर, बिलासपुर : बिलासपुर जिले में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम सीस में दबिश देकर एक शराब कोचिये को भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब और निर्माण उपकरणों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस कप्तान के निर्देश पर कार्रवाई जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा कड़े निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस लगातार सक्रिय है।
मुखबिर की सूचना पर रेड प्रशिक्षु भापुसे एवं थाना प्रभारी रतनपुर अंशिका जैन के नेतृत्व में गठित टीम को 6 अप्रैल 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम सीस में एक व्यक्ति बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम सीस में घेराबंदी कर दुलार साय उर्फ भोला पोर्ते (33 वर्ष) के घर पर छापा मारा।
भारी मात्रा में शराब और उपकरण जप्त तलाशी के दौरान आरोपी के घर के पीछे बाड़ी से 141 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसका बाजार मूल्य लगभग 28,200 रुपये आंका गया है। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के बर्तन और अन्य उपकरण भी जप्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन (प्रशिक्षु भापुसे) के साथ प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक संजय यादव और आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा। रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक,नारद एक्सप्रेस न्यूज