कांकेर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: महिला कमांडर रूपी ढेर, बस्तर की अंतिम तेलुगू कैडर का अंत ...

कांकेर : छत्तीसगढ़ के जिला कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत माचपल्ली और हिडूर के जंगलों में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने खूंखार महिला माओवादी कमांडर ACM रूपी को मार गिराया है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, माओवादियों की उपस्थिति की सटीक सूचना पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान यह मुठभेड़ हुई, जिसके बाद मौके से रूपी का शव, एक पिस्टल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य दैनिक सामग्री बरामद की गई।
मारे गए नक्सली की पहचान बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी। वह कुख्यात डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो पिछले वर्ष मानपुर-मोहला में सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया था। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शासन की पुनर्वास नीति के बावजूद हिंसा का रास्ता चुनने वालों का अंत ऐसा ही होता है। उन्होंने शेष माओवादियों को चेतावनी भरे लहजे में मुख्यधारा में लौटने और शांतिपूर्ण जीवन शुरू करने की अंतिम अपील की है। फिलहाल इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक, नारद एक्सप्रेस न्यूज