गैस कटर लेकर ATM काटने पहुंचा था शातिर लुटेरा, रायगढ़ पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे ...

गैस कटर लेकर ATM काटने पहुंचा था शातिर लुटेरा, रायगढ़ पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे ...

रायगढ़ : जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता ने देर रात एक बड़ी बैंक डकैती की साजिश को विफल कर दिया है। गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन एटीएम को गैस कटर से काटकर लाखों की नकदी उड़ाने की फिराक में लगे आरोपी पंकज कुमार पासवान को पुलिस ने रंगे हाथ दबोचने में सफलता प्राप्त की है। पेट्रोलिंग के दौरान मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को उस वक्त पकड़ा जब वह मशीन को काफी नुकसान पहुँचा चुका था।

झारखंड के रहने वाले इस आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह कर्ज के भारी दबाव में था और इसी कारण उसने इस खतरनाक वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से गैस कटर और अन्य औजार बरामद किए हैं और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि सतर्क पुलिसिंग के कारण ही आज एक बड़ा अपराध टल सका है। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के कुशल मार्गदर्शन में गश्त टीम के जांबाज आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा की सूझबूझ को देखते हुए एसएसपी ने तीनों आरक्षकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई के माध्यम से एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आम जनता की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस सदैव तत्पर और मुस्तैद है।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

मुख्य संपादक,नारद एक्सप्रेस न्यूज