धमतरी पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई: बस स्टैंड में सघन जांच से हड़कंप, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर वसूला जुर्माना ...

धमतरी पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई: बस स्टैंड में सघन जांच से हड़कंप, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर वसूला जुर्माना ...

धमतरी। सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु धमतरी पुलिस अधीक्षक निर्देशन में आज एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस संयुक्त अभियान के तहत यातायात एवं परिवहन विभाग की टीम ने स्थानीय बस स्टैंड पर बसों की सघन पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान यात्री बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और इमरजेंसी एग्जिट जैसे अनिवार्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान लगभग 35 से 40 बसों को चेक किया गया, जिनमें से 10 बसों में गंभीर खामियां पाई गईं। कई वाहनों में या तो जीवन रक्षक उपकरण गायब थे या वे क्रियाशील स्थिति में नहीं थे। नियमों की इस अनदेखी पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस और परिवहन विभाग ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की और कुल 5,100 रुपये का समन शुल्क वसूला। इसके साथ ही, फर्स्ट एड बॉक्स न रखने वाले बस संचालकों पर अलग से चालानी कार्रवाई भी की गई।

पुलिस प्रशासन ने बस संचालकों और चालकों को दो-टूक हिदायत दी है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

मुख्य संपादक,नारद एक्सप्रेस न्यूज