सन्नाटे में डूबा रायपुर: आधी रात नाबालिग की चाकुओं से हत्या, गुस्से में परिवार ने थाने का किया घेराव ...

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी एक बार फिर हिंसक वारदात से कांप उठी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और परिजनों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। पुलिस के मुताबिक, पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला में रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच कुछ युवकों ने दो नाबालिगों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में कुश बाघ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। वारदात की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग सिविल लाइन थाने पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव कर दिया।
माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसे संभालने के लिए पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात में कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है, हालांकि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज