पुलिस और कलेक्टोरेट में नौकरी का झांसा देकर ठगने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, ₹17 लाख का सामान बरामद

पुलिस और कलेक्टोरेट में नौकरी का झांसा देकर ठगने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, ₹17 लाख का सामान बरामद

चारामा (कांकेर)। पुलिस, कलेक्टोरेट और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी कैलाश साहू को चारामा पुलिस ने अपराध दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चारामा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की।

ठगी का शिकार और फर्जीवाड़ा

ग्राम उड़कुड़ा निवासी प्रार्थी यादेश कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी कैलाश साहू (निवासी हटकाचारामा) और उसकी सहयोगी तरूणा निषाद ने ऊँची पहुंच का हवाला देकर वर्ष 2024 में आरक्षक भर्ती के दौरान नौकरी लगाने के नाम पर ₹1,76,980/- ठग लिए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने संगठित तरीके से कांकेर सहित अन्य जिलों के भी कई लोगों से इसी तरह बड़ी मात्रा में धनराशि वसूली है।

बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी कैलाश साहू (34 वर्ष) के कब्जे से पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदे गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और जैविक खाद सहित कुल ₹17 लाख मूल्य की संपत्ति बरामद की है। आरोपी बेहद शातिर किस्म का है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कांकेर और कुरुद थाने में धोखाधड़ी, उगाही और अपहरण जैसे गंभीर मामलों के आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।

 *पुलिसवाला न्यूज़ संस्थान द्वारा महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण:*

यहाँ यह स्पष्ट करना अत्यंत आवश्यक है कि कई बार मिल रही शिकायतों के कारण कैलाश साहू को पूर्व में ही 'पुलिसवाला न्यूज़' से निकाल दिया गया था। वर्तमान में कैलाश साहू का 'पुलिसवाला न्यूज़' संस्थान से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस की अपील

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या भर्ती के नाम पर पैसे मांगने वाले बिचौलियों के झांसे में न आएं। यदि कोई ऐसी मांग करता है, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791 55125 पर सूचना दें, आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज