कांकेर-नारायणपुर सीमा पर IED विस्फोट: तीन जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल ...
कांकेर: कांकेर और नारायणपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ डि-माइनिंग और सर्च ऑपरेशन के दौरान दुर्घटनावश हुए आईईडी (IED) विस्फोट की चपेट में आने से डीआरजी (DRG) के तीन वीर जवान—इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले—मौके पर ही शहीद हो गए। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस दल माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए आईईडी को निष्क्रिय करने का प्रयास कर रहा था। इस आकस्मिक विस्फोट में कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर उपचार हेतु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और सतर्कता बढ़ा दी गई है।