पुलिसकर्मियों के तनाव को दूर करेगी मधुर संगीत की धुन: रायपुर में ‘शुकवारी संझा’ का अनूठा आयोजन

रायपुर। पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी, कार्य का दबाव और बढ़ते मानसिक तनाव को कम करने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने एक बेहद संवेदनशील और सराहनीय पहल की है। छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज पुलिस लाइन रायपुर में विशेष कार्यक्रम “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” का आयोजन किया जा रहा है। संगीत और योग के संगम पर आधारित इस कार्यक्रम को देश में पुलिसकर्मियों के तनाव प्रबंधन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए तनाव मुक्ति का प्रयास
हाल ही में गठित पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब को आमंत्रित किया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि यदि जवान मानसिक रूप से शांत और सकारात्मक रहेंगे, तो उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में स्वतः ही वृद्धि होगी।
योग और संगीत का अद्भुत समन्वय
विगत 12 वर्षों से सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब ने इस कार्यक्रम को “योग-संगीत-सूत्र” की अवधारणा पर तैयार किया है। कार्यक्रम के दौरान मधुर हार्मोनिका वादन और प्रेरक गीतों के माध्यम से जवानों को एक तनावमुक्त वातावरण प्रदान किया जाएगा।
एक सामाजिक अभियान की शुरुआत
क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त IPS) ने बताया कि:
"यह पहल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक सामाजिक अभियान है।"
रायपुर पुलिस की इस अभिनव पहल की सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में व्यापक सराहना हो रही है। जानकारों का कहना है कि पुलिस लाइन में आयोजित यह "शुकवारी संझा" आने वाले समय में अन्य विभागों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव,
मुख्य संपादक, नारद एक्सप्रेस न्यूज