बीजापुर में AAP नेता ने युवती से किया रेप, दी जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

बीजापुर में AAP नेता ने युवती से किया रेप, दी जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सतीश मंडावी पर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानें पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सतीश मंडावी ने उसे वोटर आईडी कार्ड देने के बहाने अटल आवास स्थित अपने निवास पर बुलाया था। युवती के वहां पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता मदद के लिए सखी सेंटर पहुंची, जहां उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई। सखी सेंटर की सहायता से पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

आरोपी सतीश मंडावी को हिरासत में लिया गया

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली बीजापुर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(f) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपी सतीश मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज