रायपुर में पब, होटल, बार और ढाबा संचालकों की बैठक, नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश

रायपुर में पब, होटल, बार और ढाबा संचालकों की बैठक, नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश

**रायपुर** शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिविल लाइन एसीपी एवं थाना तेलीबांधा पुलिस द्वारा क्षेत्र के पब, होटल, बार और ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संचालकों को सुरक्षा और लाइसेंस संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने संचालकों को स्पष्ट किया कि सभी प्रतिष्ठान निर्धारित समय सीमा के भीतर बंद किए जाएं तथा प्रतिष्ठानों के सामने खड़े वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क कराया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी नाबालिग को क्लब, पब या बार में प्रवेश नहीं दिया जाए। यदि किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग के प्रवेश की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े वाहनों में बैठकर शराब या अन्य किसी प्रकार का नशा करने वालों पर भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। संचालकों से ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस ने सभी होटल, बार, पब और ढाबा संचालकों को यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ अपने लाइसेंस की सभी शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज