कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'उजियारा अभियान' के तहत ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन दांव लगाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कांकेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। "उजियारा अभियान" के तहत थाना सिटी कोतवाली कांकेर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास घेराबंदी कर इस अवैध कारोबार पर रेड कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 07 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) की संलिप्तता भी पाई गई है।
कैसे खुली सट्टेबाजी की पोल?
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन कैसीनो गेम्स में हार-जीत का दांव लगवा रहे हैं और अवैध रूप से ऑनलाइन बेटिंग का संचालन कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक करते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्धों को हिरासत में लिया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे न सिर्फ खुद ऑनलाइन सट्टा खेलते थे, बल्कि अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर अवैध रूप से मोटा आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
जप्ती एवं कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
-
जप्त सामग्री: आरोपियों के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे 07 हाई-टेक मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं।
-
अनुमानित कीमत: जप्त किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग ₹2.25 लाख आंकी गई है।
कांकेर पुलिस की सख्त चेतावनी
"ऑनलाइन सट्टा, गेमिंग और अवैध बेटिंग समाज के युवाओं को गर्त में धकेल रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" — कांकेर पुलिस प्रशासन
मयंक श्रीवास्तव
मुख्यसंपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज