CG और CBSE बोर्ड के मेधावी छात्रों को किया दुर्ग पुलिस ने सम्मानित

CG और CBSE बोर्ड के मेधावी छात्रों को किया दुर्ग पुलिस ने सम्मानित

दुर्ग : पुलिस लाइन दुर्ग के दधीची सभागार में आज CG बोर्ड और CBSE बोर्ड की 10वीं व 12वीं परीक्षा के 'टॉप टेन' प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए सम्मान एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने मेधावी छात्रों और पुलिस परिवार के होनहार बच्चों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

अभिभावकों और बच्चों को मिला मार्गदर्शन

कार्यक्रम में लाइफ कोच चिरंजीव जैन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और तनावमुक्त अध्ययन के तरीके बताए, साथ ही अभिभावकों को बच्चों से संवाद बढ़ाने व मोबाइल-टीवी से दूरी बनाने का सुझाव दिया। शिक्षक आरिफ खान ने करियर गाइडेंस दिया।

"मेधावी छात्र समाज के प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थी अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाएं, वहीं अभिभावक बच्चों की समस्याओं को समझकर उन्हें बेहतर माहौल दें।"

— विजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग

इस अवसर पर एएसपी (ग्रामीण) एमएस चंद्रा, डीएसपी (लाइन) सीपी तिवारी और रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित शिक्षक व अभिभावक उपस्थित थे। दुर्ग पुलिस ने आमजन से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर बेहतर समाज निर्माण में सहयोग की अपील की है।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

मुख्य संपादक,नारद एक्सप्रेस न्यूज