कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता: सोलर उपकरणों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक का माल बरामद

कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता: सोलर उपकरणों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक का माल बरामद

कांकेर: उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने सोलर उपकरणों की चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पिछले 6-8 महीनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सोलर पंप, प्लेट पैनल, स्टार्टर और केबल वायर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इनके पास से चोरी का 32.60 लाख रुपये से अधिक का माल बरामद किया है।

उड़ीसा तक फैला था नेटवर्क कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नरहरपुर पुलिस को यह सफलता मिली। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जगदीश बंजारा (बागडोंगरी), परमेश्वर राठौर (जामगांव) और उड़ीसा निवासी मंहगू मरकाम को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चोरी किए गए सामान को 'टाटा एस गोल्ड' वाहन से उड़ीसा ले जाकर बेचते थे।

क्या-क्या हुआ बरामद? पुलिस की सघन छापेमारी में उड़ीसा के 13 विभिन्न स्थानों से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें शामिल हैं:

  • 60 नग सोलर प्लेट पैनल

  • 14 नग सोलर पंप और 14 नग स्टार्टर

  • 07 सेट सोलर फ्रेम और बड़ी मात्रा में केबल वायर

  • घटना में प्रयुक्त टाटा एस गोल्ड वाहन (CG 19 BW 0434), कटर मशीन और टूल किट।

16 मामलों का हुआ खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कुल 16 प्रकरणों का खुलासा किया है। इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने की आमजन से अपील कांकेर पुलिस ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। इसके लिए थाना नरहरपुर द्वारा विशेष हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल सहित उनकी पूरी टीम और साइबर सेल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज़