कांकेर: 4 साल पुराने 'अंधे कत्ल' की गुत्थी सुलझी, सामाजिक अध्यक्ष समेत 3 गिरफ्तार...

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ताड़ोकी क्षेत्र के ग्राम सरंडी में वर्ष 2022 में हुई सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मृत्यु के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या दूसरी शादी करने के विवाद को लेकर की गई थी।
मुख्य बातें:
हत्या का कारण: मृतक सदेश कुमार ध्रुव अपनी पहली पत्नी के बीमार होने के कारण दूसरी शादी करना चाहता था, जिसका सामाजिक प्रमुख गंगूराम ध्रुव विरोध कर रहा था।
घटनाक्रम: 13 जुलाई 2022 को सामाजिक बैठक के बाद आक्रोशित होकर आरोपियों ने योजना बनाई और रात्रि में गला घोंटकर सदेश की हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए शव को बिस्तर पर लिटाकर आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम और सायबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की, जिसके बाद तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
गंगूराम ध्रुव (39 वर्ष) - सामाजिक अध्यक्ष एवं मुख्य योजनाकार।
रजउ राम ध्रुव (42 वर्ष) - सहयोगी।
मंगूराम ध्रुव (34 वर्ष) - सहयोगी।
पुलिस की अपील: कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर, नारद एक्सप्रेस न्यूज