अंबिकापुर में साइबर फ्रॉड के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़; 760 मोबाइल और 95 किलो चांदीनुमा पायल के साथ पश्चिम बंगाल के 5 आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर (गांधीनगर)। छत्तीसगढ़ की गांधीनगर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में चोरी और अवैध मोबाइल सहित करीब 95 किलो धातु की पायल जब्त की है। पुलिस ने बनारस रोड पर घेराबंदी कर एक कार से 110 स्क्रीन टच मोबाइल, 650 कीपैड मोबाइल और 95 किलो 500 ग्राम धातु की पायल बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आशंका जताई जा रही है कि इन मोबाइलों का इस्तेमाल देश भर में साइबर फ्रॉड (ऑनलाइन ठगी) और अन्य असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
मुखबिर की सूचना पर बनारस रोड में घेराबंदी
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी को सोमवार को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की कार में कुछ लोग हाट-बाजारों से चोरी किए गए मोबाइलों की बड़ी खेप लेकर दूसरे राज्य की ओर जा रहे हैं। ये लोग सस्ते दामों में मोबाइल खरीदकर या चोरी कर उन्हें अपराधियों को सप्लाई करते थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बनारस रोड पर जाल बिछाया और संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार की तलाशी में खुला राज: बोरियों में भरा था माल
जब पुलिस ने ग्रे रंग की कार (क्रमांक WB 58 BP 8233) को रोककर उसकी तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। कार के भीतर प्लास्टिक की बोरियां रखी हुई थीं।
-
पहली बोरी से: 110 नग महंगे स्क्रीन टच मोबाइल और 650 नग कीपैड मोबाइल बरामद हुए।
-
दूसरी बोरी से: कुल 95 किलो 500 ग्राम वजनी धातु (चांदीनुमा) की पायलें मिलीं।
पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार सहित सभी सामानों को जब्त कर लिया।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के हैं सभी आरोपी
कार में सवार पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुद को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का निवासी बताया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
-
सेन्तु शेख (पिता मंटु शेख), उम्र 26 वर्ष – निवासी: ग्राम महिशमरा, हरिहरपाड़ा (पश्चिम बंगाल)
-
गफ्फार शेख (पिता इकबाल शेख), उम्र 28 वर्ष – निवासी: ग्राम महिशमरा, हरिहरपाड़ा (पश्चिम बंगाल)
-
असिम शेख (पिता आरिफ शेख), उम्र 23 वर्ष – निवासी: ग्राम महिशमरा, हरिहरपाड़ा (पश्चिम बंगाल)
-
इब्राहिम शेख (पिता मनिरूल शेख), उम्र 30 वर्ष – निवासी: ग्राम महिशमरा, हरिहरपाड़ा (पश्चिम बंगाल)
-
माशदुल शेख (पिता मक्कार अली शेख), उम्र 37 वर्ष – निवासी: ग्राम महिशमरा, हरिहरपाड़ा (पश्चिम बंगाल)
साइबर क्राइम का अंदेशा: पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी तादाद में कीपैड और टच स्क्रीन मोबाइलों का अवैध परिवहन सीधे तौर पर साइबर अपराधियों से जुड़ा हुआ है। साइबर ठग अक्सर पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसे चोरी या अवैध तरीके से खरीदे गए मोबाइलों और फर्जी सिम का इस्तेमाल करते हैं।
भेजे गए जेल
गांधीनगर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को सभी आरोपियों को अंबिकापुर जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के छत्तीसगढ़ और बंगाल से जुड़े अन्य कड़ियों की तलाश में जुट गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव /नारद एक्स्प्रेस न्यूज