रायपुर: आईडीबीआई बैंक कर्मचारी ने दंपती से की 40 लाख की धोखाधड़ी, एफडी के नाम पर लगाया चूना
रायपुर। राजधानी के धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलतरा इलाके में बैंकिंग धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आईडीबीआई (IDBI) बैंक की बरौदा शाखा के एक कर्मचारी ने विश्वास का फायदा उठाते हुए एक दंपती के खातों से 40 लाख रुपए पार कर दिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी बैंक कर्मचारी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
भरोसे का फायदा उठाकर की जालसाजी
पीड़ित नरेंद्र कुमार वर्मा और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा (निवासी ग्राम सिलतरा) का खाता आईडीबीआई बैंक की बरौदा शाखा में है। दोनों के खातों में 20-20 लाख रुपए जमा थे, जिन्हें वे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराना चाहते थे। बैंक में कार्यरत आरोपी राजा खुटे से उनकी पुरानी पहचान थी।
आरोपी ने एफडी प्रक्रिया का बहाना बनाकर दंपती से आधार कार्ड, पैन कार्ड और हस्ताक्षर किए हुए ब्लैंक चेक ले लिए। पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए उसने फर्जी एफडी पावती (Receipt) भी थमा दी।
किस्तों में खाली किया बैंक खाता
धोखाधड़ी का यह खेल जून 2023 से नवंबर 2025 के बीच चलता रहा। आरोपी राजा खुटे ने ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर किस्तों में कुल 40 लाख रुपए अपने और अपने साथियों—विकास राव गोडकी व शैलेन्द्री के खातों में ट्रांसफर कर लिए।
ऐसे खुला राज
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 2 मार्च 2026 को नरेंद्र वर्मा को पैसों की जरूरत पड़ी। उन्होंने राजा को फोन कर एफडी तोड़ने को कहा, जिस पर आरोपी ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि "रुपयों का हेर-फेर हो गया है, पैसे नहीं हैं।" संदेह होने पर जब दंपती ने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके खातों से पूरी जमा राशि गायब थी।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी
पीड़ितों की शिकायत पर धरसींवा पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा खुटे, विकास राव गोडकी और शैलेन्द्री के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश का मामला दर्ज कर लिया है।
• जब्ती: पुलिस ने फर्जी एफडी पेपर और बैंक स्टेटमेंट को अपने कब्जे में ले लिया है।
• वर्तमान स्थिति: आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
•सतर्कता संदेश: यह घटना बैंकिंग लेनदेन में किसी भी व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करने और कभी भी ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कर न देने की चेतावनी देती है।
मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज़