रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: मानव तस्करी गिरोह ध्वस्त, नाबालिग रेस्क्यू, 5 आरोपी गिरफ्तार ...

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश तक फैले इस गिरोह के चार दलालों और एक खरीदार सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को काम दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश के सागर ले जाकर सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था, जहाँ पीड़िता के साथ जबरन विवाह कर दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वापस रायगढ़ पहुँचने पर भी आरोपियों ने उसे देह व्यापार के दलदल में धकेलने का प्रयास किया। शिकायत मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी व डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी की टीम ने दबिश देकर आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों में सिरिन बानू (बॉबी), बिंदिया रात्रे, मोहम्मद दानिश (चीकू), खरीदार सुनील दीक्षित और एक विधि से संघर्षरत बालिका शामिल हैं। इस सफल ऑपरेशन में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त और मनमोहन बैरागी सहित अन्य स्टाफ की मुख्य भूमिका रही। एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा है कि जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े गिरोहों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव