ग्राम मारूड़बाका में पुलिस ने जीता ग्रामीणों का दिल; सिविक एक्शन और चलित थाना का आयोजन

बीजापुर। जिले के थाना उसूर अंतर्गत ग्राम मारूड़बाका में पुलिस प्रशासन द्वारा जन-कल्याणकारी पहल करते हुए 'सिविक एक्शन कार्यक्रम' और 'चलित थाना' का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस के आला अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र में शांति और विकास का नया रोडमैप साझा किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविंद्र कुमार मीणा एवं एसडीओपी आवापल्ली श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव उपस्थित रहे। उनके साथ थाना प्रभारी उसूर और आवापल्ली सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। चर्चा के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को नक्सलवाद के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया कि किस तरह विकास कार्यों में बाधा पहुँचाकर उन्हें मूलभूत सुविधाओं से दूर रखा गया था। अब नक्सल उन्मूलन के बाद शासन की योजनाओं का लाभ उन तक सीधे पहुँच रहा है।
अधिकारियों ने युवाओं को खेल और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्रामीणों की सहायता हेतु खेल सामग्री, साड़ियाँ और जरूरत का सामान वितरित किया गया। आयोजन का मुख्य आकर्षण सामूहिक भोज रहा, जिसमें लगभग 300 से 400 ग्रामीणों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति अपना अटूट विश्वास प्रकट करते हुए क्षेत्र की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
मुख्य संपादक, नारद एक्सप्रेस न्यूज