धमतरी: कानून व्यवस्था और बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने एसपी ने ली समीक्षा बैठक

धमतरी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सूरज सिंह परिहार ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार, प्रशासनिक दक्षता और ईंधन-वाहनों की बचत के लिए इस बैठक में थाना प्रभारियों की जगह केवल राजपत्रित अधिकारियों को बुलाया गया।
बैठक में एसपी श्री परिहार ने खात्मा प्रकरणों के भौतिक सत्यापन और गुम डायरियों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए। उन्होंने 'बीट प्रणाली' को पुलिसिंग की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों को जनता व समाज प्रमुखों से सीधा संवाद बढ़ाने को कहा। बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने और नए स्टाफ को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 'सुशासन तिहार' के आवेदनों का संवेदनशीलता से त्वरित निपटारा करने तथा मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी। एसपी ने पुलिस की सकारात्मक छवि और पारदर्शिता को जनता तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी (भा.पु.से.), कुरूद एसडीओपी श्रीमती रागिनी मिश्रा, अजाक/यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी, नगरी एसडीओपी श्री विपिन रंगारी और एसजेपीयू उप पुलिस अधीक्षक श्री यशकरण दीप ध्रुव सहित स्टेनो व रीडर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव,
मुख्य संपादक,नारद एक्सप्रेस न्यूज