अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ आमानाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आदतन अपराधी मुकेश कुशवाहा गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाई जा रही 'जीरो टोलरेंस' अभियान के तहत आमानाका थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीसीपी पश्चिम जोन श्री संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (पुरानी बस्ती) श्री देवांश राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध गांजे के साथ एक शातिर आरोपी को रंगे हाथों दबोचा है। थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महोबा बाजार स्थित डबरापारा कॉम्प्लेक्स के पास घेराबंदी की, जहाँ से मुकेश कुशवाहा नामक संदेही को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान 29 वर्षीय आरोपी मुकेश कुशवाहा (निवासी वीर शिवाजी नगर, आमानाका) के कब्जे से 02 किलो 70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹20,700 आंकी गई है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 181/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पकड़ा गया आरोपी मुकेश कुशवाहा पुलिस रिकॉर्ड में एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी आमानाका थाने में मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज