धमतरी पुलिस का बड़ा खुलासा: 'फैमिली' बनकर कार से कर रहे थे गांजे की तस्करी, 14 लाख के माल के साथ नागपुर के तीन तस्कर गिरफ्तार

धमतरी पुलिस का बड़ा खुलासा: 'फैमिली' बनकर कार से कर रहे थे गांजे की तस्करी, 14 लाख के माल के साथ नागपुर के तीन तस्कर गिरफ्तार

धमतरी : धमतरी पुलिस ने एक बार फिर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर के सांकरा फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर एक सफेद अमेज कार को रोका। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर कार में बकायदा परिवार (दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे) बनकर सफर कर रहे थे।

वाहन की सघन तलाशी लेने पर डिक्की से सेलो टेप में पैक 18 पैकेटों में कुल 18 किलो 626 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और 3 मोबाइल फोन समेत कुल 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी यह गांजा ओडिशा के बोलनगिर और भवानीपटना से खरीदकर बिक्री के लिए महाराष्ट्र ले जा रहे थे।

इस मामले में पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी आरोपी प्रवीण रविन्द्र दुबे, श्रीमती सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पलाश गजभिए मेडिकल टेस्ट के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाते समय हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दिनभर की कड़ी घेराबंदी के बाद कल शाम दोबारा दबोच लिया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

धमतरी पुलिस पिछले छह सप्ताह में सात बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर करोड़ों रुपये का गांजा जब्त कर चुकी है, जिससे अंतर्राज्यीय तस्कर नेटवर्क की कमर टूट गई है।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज