ऑनलाइन फ्रॉड का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऑनलाइन फ्रॉड का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कांकेर। ऑनलाइन साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्तर बस्तर कांकेर की लोहत्तर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में राजस्थान के पाली जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (भानुप्रतापपुर) श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब सीएएफ कैम्प एडगुड में पदस्थ प्रार्थी शिवेन्द्र मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने छलपूर्वक उनके बैंक खाते से 1,00,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित ने आरोपी से पैसे वापस करने का अनुरोध किया, तो आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से अपनी सिम तोड़कर फेंक दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी सुनील जयपाल (23 वर्ष) को राजस्थान के पाली जिले से ढूँढ निकाला गया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया ओप्पो मोबाइल और जियो सिम जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस अंधे कत्ल जैसी तकनीकी ठगी का पर्दाफाश करने में निरीक्षक संजय शिंदे, उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण नामदेव, सहायक उपनिरीक्षक पवन मरकाम, प्रधान आरक्षक विनोद भुआर्य, आरक्षक बोहरन नरेटी सहित साइबर सेल के आरक्षक हिमेश्वर मंडावी और आरक्षक तिरीथ दिवाकर की सराहनीय भूमिका रही।

कांकेर पुलिस की अपील:

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर संपर्क करें।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज