त्योहारों से पहले धमतरी पुलिस की सख्ती, बदमाशों की थाने में कराई परेड

त्योहारों से पहले धमतरी पुलिस की सख्ती, बदमाशों की थाने में कराई परेड

धमतरी :- गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों की सघन चेकिंग की जा रही है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर श्री भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों को थाने बुलाकर परेड कराई गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके वर्तमान आचरण एवं गतिविधियों की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि अपराध और नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करें। सभी को नशे एवं अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अशांति फैलाने में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि संबंधित व्यक्तियों के आचरण एवं गतिविधियों में निरंतर सुधार पाया जाता है और वे शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।

अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर पुलिस की पैनी नजर

आगामी त्योहारों को देखते हुए धमतरी पुलिस ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग बढ़ाने की तैयारी की है। अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों, लड़ाई-झगड़ा करने वालों, चाकूबाजी एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनी रहे।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार निगरानी, चेकिंग और आवश्यकतानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर श्री भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

संपादक, प्रेम प्रकाश साहू 

नारद एक्सप्रेस न्यूज