शक में गई जान: पत्नी से अवैध संबंध के संदेह में किराएदार ने मकान मालिक का घोंटा गला, आरोपी गिरफ्तार

शक में गई जान: पत्नी से अवैध संबंध के संदेह में किराएदार ने मकान मालिक का घोंटा गला, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनौद में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी के साथ अवैध संबंध के संदेह में मकान मालिक और किराएदार के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि किराएदार ने गला दबाकर मकान मालिक की जीवन लीला समाप्त कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष) है, जो मूलत: ग्राम धमनी भाटापारा (थाना मंदिर हसौद) का निवासी है। आरोपी बीते एक-दो वर्षों से वेद राम के मकान में किराए पर रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था।

विवाद ने लिया हिंसक रूप

जांच में खुलासा हुआ कि वेद राम साहू को अपनी पत्नी और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अवैध संबंध होने का गहरा संदेह था। इस बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी और गाली-गलौज होती रहती थी। घटना वाले दिन भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आक्रोशित होकर पुरुषोत्तम ने वेद राम का गला दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही सुबह लगभग 11:30 बजे राखी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और मामले की गहन विवेचना में जुटी है।

संपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज