दंतेवाड़ा: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी बिहार से गिरफ्तार

दंतेवाड़ा: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी बिहार से गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। साइबर ठगों के खिलाफ दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑनलाइन टास्क के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय ठग को पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने निवेश पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी करने का लालच देकर प्रार्थी और उसके साथियों से करीब 7.91 लाख रुपये की ठगी की थी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, बचेली थाना क्षेत्र के एक पीड़ित और उसके साथियों को 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया। ठगों ने उन्हें एक लिंक भेजकर ऑनलाइन टास्क पूरा करने और बदले में बड़ी रकम देने का लालच दिया। झांसे में आकर पीड़ितों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 7,91,547 रुपये गंवा दिए।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

शिकायत दर्ज होने के बाद थाना बचेली में अपराध क्रमांक 29/2025 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। दंतेवाड़ा एसपी के निर्देशन में बचेली थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई।

तकनीकी जांच: पुलिस ने साइबर फॉरेंसिक टूल्स और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस की मदद से 100 से अधिक बैंक खातों के रिकॉर्ड खंगाले।

दबिश: सुराग मिलते ही पुलिस टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और आरोपी अजय कुमार महतो (38 वर्ष) को धर दबोचा।

बरामदगी: आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, चेक बुक, तीन पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और 11 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस की अपील

आरोपी को 20 मार्च को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है।

"किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही कम समय में पैसा दोगुना करने वाले किसी झांसे में आएं। यदि आपके साथ कोई साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।" — दंतेवाड़ा पुलिस

मयंक श्रीवास्तव 

मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज