रायपुर में नशेड़ी वाहन चालकों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': मार्च के 12 दिनों में 540 पर गिरी गाज, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कड़ा एक्शन जारी

रायपुर में नशेड़ी वाहन चालकों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': मार्च के 12 दिनों में 540 पर गिरी गाज, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कड़ा एक्शन जारी

रायपुर | राजधानी की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट इन दिनों 'एक्शन मोड' में है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) श्री विकास कुमार के सीधे निर्देशन में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक व्यापक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत यातायात पुलिस ने इस वर्ष अब तक कुल 949 नशेड़ी चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की है, जिसमें अकेले मार्च महीने के शुरुआती 12 दिनों में ही 540 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
अभियान की इसी कड़ी में बीती 11 मार्च की रात शहर के पांच प्रमुख संवेदनशील क्षेत्रों—फुण्हर चौक, टेमरी चौक, ऊर्जा पार्क रोड, ऐश्वर्या बाजार और विधानसभा रोड स्थित होटल लेवल 3 के सामने—सघन चेकिंग की गई। एसीपी यातायात श्री रमेश येरेवार एवं श्री सतीष ठाकुर के नेतृत्व में चली इस कार्यवाही में यातायात थाना प्रभारियों—निरीक्षक कमलेश देवांगन, शैलेंद्र सिंह ठाकुर, ढालूदास मानिकपुरी, वैभव मिश्रा और सुशील चंद्रकर्ष—ने अपनी टीमों के साथ मुस्तैदी दिखाई। इस दौरान नशे की हालत में स्टयरिंग थामे 58 वाहन चालकों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिनके खिलाफ एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी 'टारगेट' को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि नशे में वाहन चलाना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह निर्दोष लोगों के जीवन के लिए भी एक गंभीर खतरा है। रायपुर यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। पुलिस ने विशेष रूप से सीट बेल्ट, हेलमेट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन और नाबालिगों को वाहन न देने की हिदायत दी है। आने वाले दिनों में भी शहर की यातायात संस्कृति को अनुशासित बनाने के लिए इस प्रकार की कार्यवाही और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगी।


रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 
चीफ एडिटर,नारद एक्सप्रेस न्यूज