सक्ती:घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार,जेल भेजा गया
सक्ती: जिले के सक्ती थाना क्षेत्र में महिला को अकेला पाकर घर में घुसकर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना के दिन सुबह करीब 9:00 बजे जब उसके घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी, तभी आरोपी अजय पटेल (29 वर्ष) उसके घर में घुस आया। आरोपी ने महिला को जबरन पकड़कर कमरे के अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, घटना के बारे में किसी को बताने पर प्रार्थिया के पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी।
त्वरित पुलिस कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रा.पु.से.) और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अजय पटेल, निवासी बसंतपुर, थाना सक्ती को खोज निकाला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को 15 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस सराहनीय कार्रवाई में सउनि नीलमणी कुसुम, आरक्षक यादराम चन्द्रा, शैलेन्द्र देवांगन, हेमंत केसरिया, महिला आरक्षक सुलेखा कश्यप एवं थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज