रायपुर में दोहरा हत्याकांड: चरित्र शंका में पूर्व पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया इलाके में आज सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पूर्व पुलिसकर्मी ने पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और 22 वर्षीय सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी (टंगिया) मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
चरित्र शंका और घरेलू विवाद बना वजह
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू और मृतिका लता साहू ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। लता की पहले पति से एक बेटी थी, जिसका नाम चित्रा (22 वर्ष) था। बताया जा रहा है कि आरोपी गुलाब साहू को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। साथ ही, वह अपनी सौतेली बेटी चित्रा के किसी युवक के साथ संबंधों का भी कड़ा विरोध करता था। इन विषयों को लेकर घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी और लता हमेशा अपनी बेटी का पक्ष लेती थी, जिससे आरोपी आक्रोशित रहता था।
सुबह 7 बजे दी वारदात को अंजाम
आज सुबह करीब 7 बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर घर में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखी टंगिया से पहले सौतेली बेटी चित्रा पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जब पत्नी लता बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
थाने पहुँचकर किया आत्मसमर्पण
दिल दहला देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गुलाब साहू सीधे विधानसभा थाने पहुँचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह घर में आए दिन होने वाले विवादों और मानसिक तनाव से तंग आ चुका था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल (FSL) की टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।
मयंक श्रीवास्तव
मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज़