कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'उजियारा अभियान' के तहत किराए के मकान से भारी मात्रा में फर्जी होलोग्राम, ढक्कन और 4,400 से अधिक खाली बोतलें बरामद

कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'उजियारा अभियान' के तहत किराए के मकान से भारी मात्रा में फर्जी होलोग्राम, ढक्कन और 4,400 से अधिक खाली बोतलें बरामद

भानुप्रतापपुर (उत्तर बस्तर कांकेर)। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम बसंत नगर (नारायणपुर) स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर नकली/अवैध शराब की पैकिंग और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का जखीरा बरामद किया है।

मुखबिर की सूचना पर रेड, लावारिस हालत में मिला सामान पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन और एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 8 सितंबर को पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसंत नगर में उत्तम देवनाथ के किराए के मकान में अवैध शराब की पैकिंग से जुड़ा सामान छिपाकर रखा गया है।

सूचना पर भानुप्रतापपुर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। कमरे से भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स के फर्जी होलोग्राम, स्टीकर, बारकोड, ढक्कन और हजारों की संख्या में खाली बोतलें लावारिस हालत में मिलीं।

बरामद प्रमुख सामग्री:

  • अंग्रेजी शराब: 30 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की (कीमत ₹3,600)।

  • होलोग्राम व स्टीकर: विभिन्न ब्रांडों के 105 पत्ता स्टीकर/होलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹59,645)।

  • खाली बोतलें व पौवा: विभिन्न ब्रांडों के 4,409 नग खाली पौवा/अद्धी/बोतलें तथा 170 पेटी खाली पौवा (कुल अनुमानित कीमत ₹56,045)।

  • ढक्कन: मैकडॉवल नं. 01, रॉयल स्टेज, रॉयल चैलेंज, आर.एस., आर.सी., आई.बी. जैसी नामी कंपनियों के 3,380 नग ढक्कन।

धारा 106 BNSS के तहत जब्ती, आरोपियों की तलाश जारी बरामद सामग्री से आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाने या ब्रांडेड बोतलों में मिलावटी शराब भरकर बेचने का खेल चल रहा था। पुलिस ने सभी सामग्रियों को धारा 106 BNSS के तहत जब्त कर कब्जे में ले लिया है। फिलहाल सामान के वास्तविक मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सउनि कैलाश पांडे, पीएसआई फलित राम, प्रधान आरक्षक रूपेश नरेटी, विजय कटकवार, आरक्षक गौतम हुपेंडी, हेमंत मरकाम और फत्तू उसेंडी की सराहनीय भूमिका रही।

कांकेर पुलिस की अपील: अवैध शराब, जुआ, सट्टा या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

मयंक श्रीवास्तव/

मुख्यसंपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज