बलराम में फिर मिली अफीम की खेती, कुसमी के बाद कोरंधा के खजूरी गांव में डेढ़ एकड़ फसल का मामला गर्माया ...

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला लगातार सामने आ रहा है। कुसमी के बाद अब कोरंधा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में अफीम की खेती मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई है और मामले की जांच शुरू की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया है कि खजूरी पंचायत में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की फसल लगाई गई है। हालांकि बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के मुताबिक, यह गांव झारखंड सीमा से लगा हुआ है, जिससे अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका भी जताई जा रही है।
इससे पहले कुसमी क्षेत्र के त्रिपुरी घोसराडांड़ में 3.67 एकड़ में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई थी, जहां पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4.75 करोड़ रुपये कीमत की 4,344 किलोग्राम अफीम जब्त की थी। हालांकि मामले का मुख्य सरगना अब तक फरार बताया जा रहा है।
एनसीबी और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल के सैंपल लिए थे और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी खड़ी फसल उखाड़कर जब्त की गई थी। कार्रवाई के दौरान अफीम लेटेक्स और सूखा डोडा भी बरामद किया गया था। अब कोरंधा में नए मामले के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
सह संपादक, कंचन यादव
नारद एक्सप्रेस न्यूज