रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह के 2 सदस्य बेंगलुरु से गिरफ्तार, 17 लाख रुपये होल्ड ...

रायगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर 23 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुसौर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने बेंगलुरु से आरोपी विग्नेश पी. और स्टीफन थॉमस को धर दबोचा। यह गिरोह दुबई में बैठे मास्टरमाइंड फिरोज खान के इशारे पर रिटायर्ड शिक्षक को सीबीआई अधिकारी बनकर डरा रहा था।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में निरीक्षक मोहन भारद्वाज और उनकी टीम ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुँचने में सफलता पाई। पुलिस ने आरोपियों के खातों में मौजूद 17 लाख रुपये से अधिक की राशि को सुरक्षित तरीके से होल्ड करा दिया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि "डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई कानून नहीं है। नागरिक किसी भी धमकी भरे कॉल से न डरें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। रायगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रोफेशनल कार्रवाई कर रही है, परंतु जनता की जागरूकता ही असली सुरक्षा है।"
नारद एक्सप्रेस न्यूज भी जनता से अपील करती है ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें और अपनी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
मुख्य संपादक, नारद एक्सप्रेस न्यूज