कोटमीकला हत्याकांड: सर्राफा व्यवसायी से लूट और मर्डर का खुलासा, बिलासपुर रेंज पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

पेण्ड्रा/गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और जेवरात की बड़ी लूट की वारदात का बिलासपुर रेंज पुलिस ने पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों (TechINT) और जमीनी मुखबिर तंत्र (HumINT) के सटीक और बेहतरीन तालमेल से इस जघन्य कांड में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा, दो राउंड जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
यह पूरी कामयाबी पुलिस महानिरीक्षक (IG) बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में हासिल हुई, जिन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत खुद मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया था और अपराधियों की धरपकड़ के लिए कड़े निर्देश दिए थे। उनके ही निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) जीपीएम श्री अविनाश मिश्रा, एसडीओपी (DSP) मरवाही श्री राजेश देवांगन और एसडीओपी (DSP) पेण्ड्रा श्री श्याम सिदार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। इस संयुक्त टीम में साइबर थाना बिलासपुर प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना केरकट्टा, थाना प्रभारी गौरेला निरीक्षक सनीप रात्रे, थाना प्रभारी मरवाही निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, ACCU बिलासपुर के उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, उप निरीक्षक अजय वारे, साइबर सेल मुंगेली के उप निरीक्षक सतेन्द्र पुरी गोस्वामी, उप निरीक्षक सनत मात्रे, पेण्ड्रा थाना प्रभारी उप निरीक्षक रणक्षोर सिंह सेंगर, उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, कोटमीकला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राम निवास राठौर और सिवनी चौकी प्रभारी सउनि नवीन मिश्रा समेत जीपीएम, मुंगेली व बिलासपुर रेंज की विभिन्न पुलिस इकाइयों के जवानों ने दिन-रात एक कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू और उसके भतीजे राजाराम साहू (दोनों निवासीिटकुला, सीपत) ने बिहार व झारखंड राज्य के अपने शातिर परिचित राहुल, संजय और राजू के साथ मिलकर इस लूट की पूरी रूपरेखा तैयार की थी। आरोपी राहुल अपने साथियों के साथ पहले खुशीराम के घर पहुंचा, जहाँ से ये सभी कोटमीकला क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी गया प्रसाद रजक के घर आकर ठहर गए। यहाँ से वे लगातार कोटमी बाजार के सर्राफा व्यापारियों की गतिविधियों और रेकी पर नजर रख रहे थे।
मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे जब ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी अपनी दुकान बढ़ाकर सोने-चांदी से भरा बैग लेकर लौट रहे थे, तभी इन आरोपियों ने उन्हें घेरकर बैग छीनने का प्रयास किया। प्रदीप सोनी द्वारा डटकर विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उन पर अवैध हथियार से ताबड़तोड़ गोली चला दी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। कोटमीकला चौकी की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से जेवरात का बैग लेकर फरार हो गए थे।
हत्या और लूट के बाद सभी आरोपी देवरीखुर्द में गया प्रसाद रजक के घर पर इकट्ठा हुए, जहाँ लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने आभूषणों की पैकिंग सामग्री को पास की एक टेकड़ी पर जलाकर नष्ट किया। इसके बाद खुशीराम साहू और गया प्रसाद रजक ने लूट के हिस्से के जेवरात, देशी कट्टा और कारतूसों को उसी टेकड़ी में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। पुलिस ने स्थानीय आरोपी खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य फरार बाहरी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें दीगर राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज